वाराणसी। बीएचयू अंतर विश्वविद्यालय शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से 12 से 16 जून तक आयोजित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालयों ने कान्वेंट स्कूलों के आगे आज भी अपना आकर्षण बनाए रखा है। मैं कोशिश में हूं कि बनारस और चंदौली में केंद्रीय और नवोदय विद्यालय की संख्या दोगुनी करूं। हमारी सरकार भी इस कोशिश में है।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा की मजबूती के बिना उच्च शिक्षा का विकास नहीं हो सकता है। शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक विकास के लिए सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पहल कर रही है जिसमें एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम को सभी स्कूलों में लागू किया जाएगा। अध्यक्षता कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी ने की। स्वागत आईयूसीटीई के निदेशक प्रो. बीके त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर प्रो. वीके शुक्ला, प्रो. डीपी सिंह, प्रो. केपी पांडेय, प्रो. अन्नपूर्णा शुक्ला, प्रो. आरपी शुक्ला, आदि मौजूद रहीं। बता दें कि इस प्रशिक्षण कार्यशाला में वाराणसी और मिर्जापुर मंडल के 88 ब्लॉक के चयनित विद्यालयों के विज्ञान व गणित के 110 शिक्षक व 12 डायट फैकल्टी शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।