वाराणसी। दिन में जहां तपती धूप ने लोगों को परेशान किया तो वहीं रात में गरज, चमक के साथ हुई बूंदाबांदी ने मौसम सुहाना बना दिया। एक दिन की ही राहत के बाद रविवार को फिर तेज धूप निकली, गर्म हवा भी चली। यहीं वजह रही कि शनिवार को जो तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था उसमें रविवार को बढ़ोत्तरी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा। रात होते होते आसमान पर बादल छा गए और धू भरी हवाएं चलीं।
एक सप्ताह से तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। पारा भी 44 तक पहुंच गया था। अचानक शनिवार को मौसम में बदलाव दिखा और सुबह से लेकर शाम तक बादल छाए रहने, तेज हवा, बूंदाबांदी का असर रहा कि तापमान में कमी आई। रविवार सुबह से फिर धूप ने तल्खी दिखाई और लोग परेशान दिखे। दोपहर एक बजे तक तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया। कैंट से लेकर प्रयागराज की तरफ जाने वाली जीटी रोड से लेकर कैंट से सिगरा, मैदागिन से चौक सहित शहर की अन्य सड़कों पर जहां अमूमन दिन भर भीड़ दिखती है, वहां दोपहर में आवाजाही भी कम दिखी। शाम को ढलने के साथ ही मौसम ने भी पलटी मारी और बादलों से आसमान ढक गया। धूल भरी आंधी चलने लगी। देर रात बूंदाबांदी शुरू हो गई। लोगों को गर्मी से निजात मिली।