वाराणसी। चौकाघाट के पास रविवार को पोकलेन मशीन से तार कटने के कारण सिग्नल ब्रेक हो गया, जिससे दर्जन भर ट्रेनें प्रभावित रहीं। वहीं, कैंट रेलवे स्टेशन पर शाम सवा छह बजे से सवा सात बजे तक डिस्प्ले बोर्ड खराब रहने से यात्रियों को ट्रेनों की लोकेशन पता करने में परेशानी हुई।
सिग्नल ब्रेक होने से कैंट और पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन के बीच काशी रेलवे स्टेशन होकर जाने वाली फ रक्का व कोटा पटना एक्सप्रेस के अलावा छह मेल एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों समेत कई मालगाड़ी मैनुअली आगे बढ़ाई गईं। काशी रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद तसलीम ने बताया कि चौकाघाट के पास सिग्नल ब्रेक होने के कारण दोपहर बाद 3:45 से 4:45 और शाम 7:15 बजे से ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। सिंगल ब्रेक होने की सूचना अधिकारियों के साथ सिग्नल विभाग को दे दी गई थी। रात 8:40 बजे तक सिग्नल विभाग के इंजीनियर ट्रैक सिग्नल को दुरुस्त करने के कार्य में लगे रहे। कई ट्रेनें खड़ी रहने से यात्रियों को समस्या का सामना करन पड़ा।