वाराणसी। ठुमरी साम्राज्ञी गिरिजा देवी को सुरों को श्रद्धांजलि देने के लिए सितारों की महफिल अस्सी घाट पर सजेगी। अप्पाजी को सुरों की स्वरांजलि अर्पित करने के लिए बड़े नामचीन कलाकारों के साथ ही स्थानीय कलाकार भी पहुंच रहे हैं। 24 मार्च को उनको श्रद्धांजलि स्वरूप अस्सी घाट पर होने वाला ‘द लीजेंड्स’ लाइव मेगा आयोजन अप्पा जी को समर्पित है। अस्सी घाट पर होने वाले आयोजन में देश-दुनिया भर से उनके चाहने वालों को इस आयोजन में शिरकत करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
अस्सी घाट पर आयोजित द लीजेंड्स में प्रस्तुति देने वाले बॉलीवुड गायक रूप कुमार राठौर, सुनाली राठौर, रीवा और मालिनी अवस्थी भी अप्पाजी को विशिष्ट सुरांजलि देने की खास तैयारी कर रही हैं। यहां उनकी नई प्रस्तुतियां सुनने को मिलेंगी। अंत्याक्षरी और सारेगामा, लिटिल चैंप फेम सुप्रसिद्ध निर्माता निर्देशक गजेंद्र सिंह ने अपनी कंपनी साईं टेलीफिल्म के इस अभियान का शुभारंभ किया है। उन्होंने बताया कि अप्पा जी को पूरा संगीत जगत श्रद्धा से याद करता है। भोपाल के बाद काशी में होने वाले आयोजन के लिए उनके उनके शिष्यों के साथ उनके समकालीन हस्तियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
गजेंद्र सिंह ने बताया कि भोपाल में तीन मार्च को गिरिजा देवी की याद में हुआ ‘द लीजेंड्स’ अभूतपूर्व सफल रहा। पूरे शहर के साथ संगीत जगत की तमाम शख्सियतें मौजूद रहीं। यहां सुनंदा शर्मा, उस्ताद राशिद खान और जावेद अली की जुगलबंदी ने अपनी खास प्रस्तुति से अप्पा जी को याद किया। 24 मार्च को वाराणसी के बाद मुंबई में 6 अप्रैल को पूरा बॉलीवुड अप्पाजी को इस आयोजन में इकट्ठा होकर याद करेगा। इसके बाद 12 अप्रैल को नई दिल्ली में राष्ट्र गौरव लाल किले पर गिरिजा देवी कड़ी का अंतिम आयोजन होगा। जहां से पूरा देश अपनी प्रिय पद्मविभूषण ‘ठुमरी साम्राज्ञी’ को याद करेगा।