वाराणसी। लोकसभा चुनाव संपन्न कराने में ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों के मतदान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों को बैलेट पेपर और इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। फार्म 12 (बैलेट पेपर) और फार्म 12 ए (इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट) के जरिए जिले भर के पांच हजार से ज्यादा कर्मचारी और अधिकारी मतदान करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छठे चरण में पिंडरा विधानसभा और सातवें चरण में चंदौली व वाराणसी की सात विधानसभाओं में मतदान होगा। चुनाव ड्यूटी में इस बात का ख्याल रखा गया है कि कोई भी कर्मचारी अपने विधानसभा क्षेत्र में ड्यूटी नहीं कर पाए। संसदीय क्षेत्र में ड्यूटी करने वाले कर्मचारी व अधिकारी इलेक्शन ड्यूटी फार्म के जरिए और संसदीय क्षेत्र के बाहर की विधानसभाओं में ड्यूटी करने वाले बैलेट पेपर से मतदान करेंगे। बैलेट पेपर के जरिए होने वाला मतदान द्वितीय प्रशिक्षण में पूरा कर लिया जाएगा।
आज तय होगा व्यय और दरों का निर्धारण
लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय के मदों एवं उनकी दरों का निर्धारण मंगलवार को किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्ष व मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें सामान और अन्य सामग्रियों की दरों पर चर्चा की जाएगी।
कालेधन और नकदी पर रोक के लिए कंट्रोल रूम शुरू
वाराणसी। लोकसभा चुनाव में कालेधन और नकदी पर रोक और आम आदमी से सूचना प्राप्त करने के लिए कंट्रोल रूम शुरू कर दिया गया है। आयकर विभाग के कंट्रोल रूम में टोल फ्री नंबर के साथ व्हाट्सऐप नंबर भी जारी किया गया है। टोल फ्री नंबर 18001806555 व 18001806554 और व्हाट्सएप नंबर 08005445129 पर शिकायत व सूचना दी जा सकती है। डीएम ने बताया कि निर्वाचन को प्रभावित करने के उद्देश्य के लिए प्रयुक्त नकदी एवं काले धन संबंधी शिकायत इन नंबरों पर कभी भी और किसी भी समय की जा सकती है।