वाराणसी। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महामना कैंसर संस्थान में मिलकर योजना के लाभ के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बनारस, चंदौली, जौनपुर, बलिया सहित कई जगहों से आए लाभार्थियों ने सड़क दुघर्टना, कैंसर, पथरी, पेट संबंधी बीमारी के बाद हुए नि:शुल्क इलाज के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि आयुष्मान भारत योजना न होता तो शायद इलाज भी नहीं करा पाते। इस पर पीएम ने उन्हें जल्द स्वस्थ होने की शुभकामना दी और अन्य लोगों को प्रेरित करने को कहा। लाभार्थियों से मिलने के बाद पीएम ने जिले में योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए डीएम सुरेंद्र सिंह, आयुष्मान योजना के सीईओ और सीएमओ डॉ. वीबी सिंह के कार्यों की सराहना की।
बाए कंधे में फ्रैक्चर होने के बाद चिकित्सक को दिखाया तो उन्होंने ऑपरेशन कर रॉड लगाने की बात कही। आयुष्मान भारत योजना की मदद से नि:शुल्क ऑपरेशन हुआ। -मंगल यादव, चकिया
पैर टूट जाने के बाद लगा कि अब चल नहीं पाऊंगा। डॉक्टर के पास गए तो उन्होंने क्लोज इंटरलाकिंग टीबिया और फ्रैक्चर बताया। इलाज में करीब 50 हजार खर्च की बात कही। गोल्डन कार्ड से इलाज आसान हो गया। -राजेश, अमिया
पेट में दर्द की शिकायत से परेशान थी। अस्पताल गए तो डॉक्टर ने पथरी की रिपोर्ट दी। समय से गोल्डन कार्ड मिल गया था तो बिना खर्च के बेहतर इलाज हो गया। -अकबरुन्निशा, अलईपुरा
अस्पताल में जाने पर ब्रेस्ट कैंसर होने और इसके उपचार में बड़ी धनराशि खर्च होने की जानकारी मिली तो परिवार के लोग चिंता में पड़ गए। आयुष्मान भारत के सहारे इलाज हो गया। अब आराम है। -प्रेमशीला पांडेय, चंदवक