वाराणसी। सत्ता प्राप्ति के लिए स्तरहीन राजनीति की जा रही है। यह निंदनीय है। चुनाव आते ही नेता और पार्टियों को भगवान राम की याद आ रही है। श्रीराम के नाम पर झूठ बोलना शोभनीय नहीं है। भारत में लोगों की आस्था श्रीराम से है और सरकार आस्था के साथ खेल रही है। उक्त बातें स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने रविवार को प्रयागराज में अखिल भारतीय धर्म संघ के पंडाल में प्रेस वार्ता में कहीं।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के सिद्धांतों पर चलकर ही सद्मुक्ति हो सकती है। देश संकट के काल में है। युवाओं को जागना होगा, तब ही भारत तरक्की के पथ पर अग्रसर होगा। देश में जब तक धर्म शासित राजनीतिक व्यवस्था नहीं होगी, तब तक भारत खोई हुई प्रतिष्ठा प्राप्त नहीं कर पाएगा। स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी के नाम पर डाक टिकट जारी करने की मांग सरकार से कर रहा हूं लेकिन सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्वामी करपात्री जी के नाम पर डाक टिकट जारी करने और ट्रेन चलाने की मांग की। कहा, प्रधानमंत्री वाराणसी के सांसद हैं। अत: पीएम को इस पर विचार करना चाहिए।