वाराणसी। मौसम का मिजाज बुधवार को बदला-बदला रहा। दिन में तेज धूप तो रही लेकिन लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। उधर ठंडी हवाओं के चलने का ही असर रहा कि मंगलवार की तुलना में न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री और कम हो गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि बुधवार को घटकर 6.5 पहुंच गया।
पहाड़ों पर दस दिन से बर्फबारी होने के साथ-साथ तापमान का उतार-चढ़ाव जारी है। इधर मंगलवार सुबह से ही उत्तर पश्चिमी हवाएं भी तेज चलने लगी है। यही वजह है कि धूप तो तेज हो रही है लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा है। ठंडी हवाएं चलने की वजह से लोग चाहकर भी बहुत देर तक छतों पर नहीं बैठ पा रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक आरएस सिंह के मुताबिक हवा की रफ्तार आठ से दस किलोमीटर प्रतिघंटा रहीं। बताया कि हवा चलने की वजह से ही न्यूनतम तापमान में कमी आ रही है। गुरुवार तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है।