वाराणसी। रवींद्रपुरी में बुधवार दोपहर में निजी अस्पताल का अवैध निर्माण गिराने के दौरान भाजपा के विधान परिषद सदस्य केदारनाथ सिंह के समर्थक वीडीए के जोनल अधिकारी से भिड़ गए और तीखी नोकझोंक के साथ मारपीट हुई। जेसीबी पर पत्थर भी फेंके गए। मामले को लेकर भेलूपुर थाने में करीब छह घंटे हंगामा चला। फिर पुलिस की देखरेख में ढहाए हुए निर्माण को दोबारा बनवाया गया। इस बीच वीडीए अधिकारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधान परिषद सदस्य के समर्थक सुभाष सिंह को हिरासत में ले लिया है। उधर, विरोध में वीडीए कर्मचारियों ने कामकाज बंद कर दिया गया।
रवींद्रपुरी की गोयनका गली में सुदामा फ्रैक्चर क्लीनिक है। वहां जाने वाले मार्ग पर कागजों में 30 फीट की सड़क है। अस्पताल संचालक ने 10 फीट एरिया पर कब्जा कर उस पर बाउंड्री बना ली है। इसकी शिकायत मिलने पर बुधवार को जोनल अधिकारी अविनाश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी से अवैध निर्माण तुड़वाने लगे। इसी दौरान भाजपा एमएलसी केदार नाथ सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और बाउंड्री तोड़ने से मना किया। इसी बीच एक समर्थक ने जेसीबी पर पत्थर फेंक दिया। इसके बाद भी जब टीम नहीं मानी तो अविनाश और एमएलसी समर्थकों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ समय में कहासुनी मारपीट में बदल गई।
जानकारी होते ही चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामला भेलूपुर थाने पहुंचा और काफी देर हंगामे के बाद अविनाश ने एमएलसी के समर्थकों को आरोपी बनाते हुए तहरीर दी है। तहरीर में आरोप था कि एलएलसी के साथ मौजूद सुभाष ने उनसे धक्का-मुक्की और हाथापाई की। तहरीर के आधार पर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने सुभाष को हिरासत में ले लिया। हालांकि शहर में एमएलसी द्वारा अविनाश को थप्पड़ मारने की चर्चा होती रही, लेकिन अधिकारी ने इससे इनकार कर दिया।
कभी वीडीए कर्मचारी तो कभी भाजपा नेता हावी
छह घंटे तक थाने में हंगामे में कई मोड़ आए कभी वीडीए के कर्मचारियों तो कभी भाजपा नेता हावी होते रहे। मामले के तूल पकड़ते देख एमएलसी केदार सिंह, शहर उत्तरी विधायक रविंद्र जायसवाल, रोहनिया विधायक सुरेंद्र सिंह औढ़े अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच कर घेर लिया। मुकदमा दर्ज न कराने का दबाव बनाते रहे। हालांकि वीडीए के दबाव में अधिकारी की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, गाली- गलौज का मुकदमा दर्ज कर लिया।
वीडीए में कामकाज ठप, आज से हड़ताल
जोनल अधिकारी से मारपीट और गाली-गलौज की घटना से वीडीए कर्मचारी बेहद नाराज हैं। बुधवार को सूचना मिलने के बाद उन्होंने काम बंद कर दिया। गुरुवार से हड़ताल का एलान भी कर दिया है। सभा कर रहे वीडीए कर्मचारियों ने एमएलसी और उनके समर्थकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वीडीए कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दिवाकर द्विवेदी ने कहा कि वीडीए के अधिकारी पर पथराव, मारपीट, करने वालों की जब तक गिरफ्तारी नहीं होती है, कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। बताया, नवंबर में भी जोनल अधिकारी अरविंद यादव के साथ अभद्रता की गई थी। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष शशिकांत ने घटना की निंदा करते हुए गिरफ्तारी की मांग की।
उधर, वीडीए कर्मियों के समर्थन में संयुक्त कर्मचारी परिषद, डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, नगर निगम कर्मचारी संघ समेत अन्य कर्मचारी संगठनों आंदोलन का समर्थन करते हुए हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। कर्मचारी संघ के मनोज कुमार ने घटना की निंदा करते हुए विरोध में शामिल होने को कहा है। संचालन रामाश्रय पाल ने किया। सभा के दौरान श्यामराज यादव, पवन कुमार, मनोज कुमार, वाचस्पति मिश्रा, दीपेंद्र श्रीवास्तव, सुभाष सिंह, परशुराम यादव, राजेंद्र प्रसाद, आरके सिंह, विनोद कुमार राय और प्रणव श्रीवास्तव उपस्थित रहे।