केबल टीवी से जुड़े लाखों उपभोक्ताओं का मनोरंजन 29 दिसंबर से महंगा हो जाएगा। ट्राई 29 दिसंबर से एमआरपी नियम लागू करने जा रहा है। इसके बाद केबिल टीवी उपभोक्ताओं को दो गुना से भी ज्यादा रुपये चुकाने होंगे। इसे लेकर अभी से विरोध शुरू हो गया है। केबिल टीवी कारोबार के लिए भी यह ग्रहण साबित हो सकता है।
वाराणसी में तीन प्रमुख केबिल टीवी एजेंसियां सिटी केबिल, डेन और विजन टीवी हैं। इनके पूरे जिले में सवा दो लाख से ज्यादा सेट टॉप बॉक्स लगे हैं। जानकारों की मानें तो ट्राई का नया नियम लागू होने से केबिल टीवी का धंधा लगभग समाप्त हो जाएगा। जब डीटीएच के बराबर केबिल टीवी के लिए रुपये चुकाने होंगे तो उपभोक्ता डीटीएच ही चुनेगा।
बनारस केबिल टीवी ओनर सोसाइटी के अध्यक्ष हरे राम रंजन ने बताया कि अभी केबिल टीवी से जुड़े उपभोक्ता 100 से 250 रुपये दे रहे हैं। फ्री टू एयर चैनल देखने के पैसे लगते ही नहीं है। नया नियम आने के बाद फ्री टू एयर चैनल देखने के लिए भी करीब 154 रुपये चुकाने पडे़ेंगे।
इसके अलावा पसंदीदा चैनल के लिए एक रुपये से लेकर 19 रुपये तक देने होंगे। इंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स चैनल के दाम 10 रुपये से ऊपर हैं। केबिल टीवी पर दिखाए जा रहे सभी चैनलों को देखना चाहेंगे तो 700 से 800 रुपये उपभोक्ता को देने होंगे। इसी को लेकर केबिल आपरेटर विरोध कर रहे हैं।