वाराणसी। बीएचयू अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सोमवार से तीन जगहों पर जेनेरिक दवा के काउंटर खुल गए। जहां काउंटर से मरीज सस्ते दाम पर दवाइयां खरीद सकेंगे वहीं अब एक कॉल पर उन्हें बेड पर भी जेनेरिक दवा मिलेंगी। कुलपति प्रो. राकेश भटनागर, कार्यकारिणी परिषद सदस्य प्रो. आनंद मोहन ने इस सुविधा का शुभारंभ किया। इसके अलावा दूसरे मंजिल पर प्रशासनिक भवन का लोकार्पण भी हुआ।
अस्पताल परिसर में उमंग फार्मेसी, पर्चा काउंटर के सामने और तीसरी मंजिल पर जेनेरिक दवा का काउंटर खुला है। लोकार्पण के बाद डॉक्टर्स लाउंज में कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ से अपील की कि वह जेनेरिक दवाइयां लिखे और सहयोग दे। कार्यकारिणी परिषद सदस्य प्रो. आनंद मोहन ने गरीब जनता के सेवा में इसे मील का पत्थर बताया। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजय नाथ मिश्रा ने बताया कि जेनेरिक दवा काउंटर पर फोने करके मरीज के परिजन बेड पर जेनरिक दवाई मंगवा सकते हैं। अतिथियों का स्वागत आईएमएस निदेशक प्रो. वी. के. शुक्ल ने किया। कार्यक्रम का संचालन ड़ॉ. पंकज कुमार भारती ने किया। इस दौरान एम्स जैसी सुविधा के लिए बनी कमेटी के चेयरमैन डॉ. ओ.पी. उपाध्याय, उप चिकित्साधीक्षक डॉ. आनंद श्रीवास्तव, इमरजेंसी इंचार्ज कुंदन कुमार, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सुशील पांडेय सहित कई संकायों के प्रमुख, चिकित्सक मौजूद रहे।