वाराणसी। राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सड़कों पर पुलिसकर्मियों की अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए डीएम और एसएसपी को सड़क पर उतरकर जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, जिलाधिकारी और एसएसपी रात को औचक निरीक्षण और चक्रमण करें। पुलिस क्षेत्राधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में अतिक्रमण एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर सुधारने का निर्देश दिया।
उत्तर प्रदेश के विधि, न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डा नीलकंठ तिवारी ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने एसएसपी से कहा, सड़कों से अतिक्रमण हटाये जाने के बाद दोबारा अतिक्रमण पर थानेदार की जिम्मेदारी तय हो। पुलिस का व्यवहार हर हालत में आम जनमानस के साथ फ्रेंडली हो। पूर्व निर्देश के बावजूद बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारियों के नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताई। राज्यमंत्री ने शहर की पेयजल आपूर्ति सुधारने और नये हैंडपंप लगवाने का निर्देश दिया। बैठक में रोहनिया विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, सेवापुरी नीलरतन पटेल, उत्तरी रविन्द्र जायसवाल, पिंडरा डॉ. अवधेश सिंह, जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र, एसएसपी आरके भारद्वाज, सीडीओ गौरांग रांठी, एसपीसिटी, एसपीआरए, एसपी ट्रैफिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।