ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव में रविवार की सुबह एक विवाहिता की अबूझ हाल में जलने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
ज्ञानपुर के लक्ष्मणपट्टी देवनाथपुर गांव निवासी विजय शंकर गौतम ने 2015 में अपनी बेटी खूशबू (23) की शादी रायपुर में अवधेश गौतम के साथ की थी। रविवार को सुबह खूशबू की कमरे से आग की लपटें एवं धुआं दिखा तो आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। अंदर जाकर देखा तो वह 90 फीसदी से अधिक जल चुकी थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना से इलाके में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर सीओ ज्ञानपुर वीके सिंह और कोतवाली प्रभारी अजय सिंह मौके पर पहुंच गए। वहीं, मामले की खबर मिलने पर मायके वाले भी पहुंच गए। विजय शंकर ने दहेज के लिए बेटी को मारने का आरोप लगाया। कहा कि शादी के बाद दोपहिया वाहन के लिए उसकी बेटी को परेशान किया जा रहा था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, जेठ, देवर और एक रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। खुशबू की दो माह की बच्ची को देख गांव के लोगों की आंखें नम हो जाती थीं। सीओ ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।