चौरी। भदोही-बाबतपुर मार्ग पर बरदहा गांव के समीप बृहस्पतिवार को बेकाबू ट्रक सड़क किनारे वाहनों पर टक्कर माते हुए खंभे में जा भिड़ा। ट्रक की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी और ट्रक पर पत्थर फेंकने लगे। पुलिस ने चालक को भीड़ से मुक्त करा लिया, लेकिन ट्रक को कब्जे में लेने के लिए और फोर्स मंगानी पड़ी।
सुबह लगभग नौ बजे भदोही की ओर से आ रहा बालू लदा ट्रक बरदहा गांव के पास पहुंचने के बाद बेकाबू हो गया। ट्रक सड़क किनारे खड़े दो बाइक और दो साइकिलों को रौद दिया। चाय की दुकान पर बैठे लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। जबकि दुकान के पास खड़ा नागेश पटेल (34) ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। यह देख ग्रामीण गुस्सा हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को ट्रक से निकाल कर पिटाई शुरू कर दी। कुछ लोगों ने ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए। मौके पर पहुचे थानाध्यक्ष संजय उपाध्याय और चौकी प्रभारी शशिकांत ने चालक को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि ट्रक को कब्जे में लेने के लिए ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। भदोही और औराई थानों की अतिरिक्त फोर्स पहुंचने के बाद पुलिस ट्रक को कब्जे में ले पाई। मौके पर पहुंचे सीओ औराई पवन कुमार ने घटना की जानकारी ली। घायल युवक को वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।