बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के दिउली गांव में बुधवार की शाम साढ़े सात बजे किसी बात को लेकर हुए विवाद में दो समुदाय आमने-सामने हो गए। मामले ने तूल पकड़ा तो दोनों पक्षों के बीर्च ईट-पत्थर चलने लगे। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराते हुए दोनों पक्षों से 12 लोगों को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल विवाद का पता नहीं चल सका है। तनाव को देखते गांव में भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले में पुलिस के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम गांव के रेलवे के पूरब एक समुदाय के कुछ युवक कहीं जा रहे थे। इसी बीच दूसरे समुदाय के कुछ युवकों की उनसे कहासुनी हो गई। इसी के थोड़ी देर बाद दोनों समुदाय के लोगों की ओर से एक दूसरे पर ईंट-पत्थर चलने के साथ ही गाली गलौज होने लगा। जिससे वहां हड़कंप और अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई।
इसी दौरान किसी ने पुलिस को खबर कर दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय फोर्स के साथ मौके पर जा पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने इस दौरान उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा और 12 लोगों को हिरासत में ले लिया। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी संख्या में फोर्स की तैनाती कर दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक विजय पाल सिंह ने बताया कि गांव में वारदात को लेकर तनाव है। 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला रास्ते में चलने को लेकर हुआ है। फिलहाल अभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बारे में डीआईजी को भी खबर कर दी गई है। तनाव के मद्देनजर भारी संख्या में मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। अभी दोनों ओर से तहरीर नहीं मिली है।