वाराणसी। पोलियो निवारण, टीबी रोग नियंत्रण के बाद अब कुष्ठ रोग नियंत्रण की दिशा में पहल तेज हो गई है। जिला कुष्ठ रोग विभाग की ओर से जहां ऐसे मरीजों का आंकड़ा अपडेट कर उनका बेहतर इलाज कराने की तैयारी चल रही है, वहीं विदेशों से भी इसकी कवायद की रही है। इसी के तहत नीदरलैंड की कुष्ठ रोग विभाग की पांच सदस्यीय टीम मंगलवार को बनारस आ रही है। 16 से 18 जनवरी तक टीम के सदस्य कुष्ठ रोग निवारण के लिए लगे लोगों को प्रशिक्षित करेगी। साथ ही सदस्य बनारस और चंदौली के स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा करेंगे।
शासन की ओर से हाल ही में कराए गए एक सर्वे के मुताबिक प्रदेश में कई जिलों में कुष्ठ रोगियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसमें फतेहपुर और चंदौली शामिल है। इसको देखते हुए ही अब कुष्ठ रोग निवारण की मुहिम शुरू हो गई है। इसी क्रम में नीदरलैंड की कुष्ठ रोग विभाग की एक पांच सदस्यीय टीम बनारस आ रही है। टीम पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और गांव का दौरा करेगी। साथ ही कैंटोमेंट स्थित एक होटल में स्थानीय विभागीय अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर प्रशिक्षित करेगी। इस संबंध में जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय दौरे के दौरान टीम के सदस्य चंदौली भी जाएंगे, यहां रोगियों का बेहतर इलाज और इससे बचाव के बारे में जागरूक करेंगे।