वाराणसी। चिल्ड्रेंस एकेडमी ग्रुप ऑफ स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने अपनी प्रतिभा से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह ‘उड़ान-5’ स्वच्छ भारत अभियान को समर्पित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता के प्रति संदेश देने का प्रयास किया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने घूमर नृत्य, एरोबिक, पंजाबी व आया रे आया मेरो रंगीलो मेहमान आदि गानों पर नृत्य पेश करके सभी को झूमने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि देवी गुप्ता, विशिष्ट अतिथि नीलू मिश्रा, प्रबंधक महिपाल दास गुप्ता, समृद्ध गुप्ता, प्रधानाचार्य नायना महापात्रा, सविता सिंह, संजय बोस, अजय कुमार, इंदू सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मुख्य अतिथि देवी गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देखा था। प्रबंधक महिपाल दास गुप्ता ने कहा कि हमें अपने आसपास सफाई रखनी चाहिए। कार्यक्रम का समापन बच्चों के मनमोहक नृत्य के साथ किया गया। धन्यवाद ज्ञापन अजय कुमार ने किया।