वाराणसी। प्रदेश के राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में स्वच्छता वातावरण प्रोत्साहन समिति का सम्मेलन कराया जाएगा। मंगलवार को सर्किट हाउस में हुई स्मार्ट सिटी की बैठक में मंत्री ने सभी वार्डों में गठित समिति के सदस्यों का जोनवार सम्मेलन 26 अक्तूबर के बाद कराने को कहा। बैठक के पूर्व राज्यमंत्री ने कबीरचौरा स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बच्चों को मिठाईयां, रबर पेंसिंल बांटी और दीपावली की शुभकामनाएं दी।
बैठक में मंत्री ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधा मुहैया कराने के लिए समिति का गठन वार्ड में किया गया है। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में फागिंंग कराने को कहा। दिवाली पर शहर के 219 मलिन बस्तियों में सुबह विशेष सफाई होगी। क्षेत्रीय विधायक इनके साथ दिवाली मनाएंगे और मिठाईयां बांटेंगे। 30 तक स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने को कहा।
सीएंडडीएस की ओर मलिन बस्तियों में अवस्थापना सुविधा मुहैया कराने के लिए शासन से 67 करोड़ की धनराशि नगर निगम ने अपनी सड़क दिखाकर प्राप्त कर ली है। इसमें कोई कार्य नहीं हुआ है। इसकी जांच हो रही है। इसमें एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निगम की 173 स्वीकृत सड़कों में से बने 85 और 54 में से 30 बनाए गए पार्कों की सूची तलब की। निर्देश दिया कि बनी सड़कों एवं पार्कों का उद्घाटन जोन कार्यालयों पर विधायकों से कराएं। जो अब तक नहीं बने उनका शिलान्यास कराएं। घर घर बांटने वाले कूड़ादान भी विधायकों से बंटवाएं। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शहर के 54 मूत्रालय की सफाई न होने पर नाराजगी जताई। नवंबर में कियाना कंपनी से काम कराने को कहा। वार्डों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाने को कहा। बैठक में नगर आयुक्त डा. नितिन बंसल सहित नगर निगम के अधिकारी शामिल रहे।