वाराणसी। आपराधिक वारदातोें के दौरान त्वरित सहायता के लिए शुरू की गई पुलिस की ‘डायल-100’ सेवा से जुड़े पुलिस कर्मियों के वसूली में लिप्त रहने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां दो टूक हिदायत दी। एसएसपी को निर्देश दिया कि वह खुद इसकी मॉनीटरिंग करें। वसूली करने वाले पुलिस कर्मियों को चिह्नित कर जेल भेजें। वसूली बंद न हुई तो ‘डायल-100’ सेवा बंद कर दी जाएगी। अपने दो दिनी दौरे पर दोपहर करीब दो बजे वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री मंडलायुक्त सभागार में विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बुनियादी सुविधाओं की बदहाली पर उन्होंने नगर निगम, जल निगम, जलकल और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए एकबारगी फिर चेतावनी दी।
दोपहर सवा तीन से शाम पौने सात बजे तक साढ़े तीन घंटे चली समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ ही कानून व्यवस्था की समीक्षा की। सभी विभागों को ‘टाइम लाइन’ का मंत्र दिया। कहा कि पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यों को तय समय में पूरा करें। भू-माफिया पर सख्त कार्रवाई का निर्देश देते हुए ताकीद की कि किसी गरीब-पीड़ित का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। सभी बड़े भू-माफिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। किसी के भी दबाव में न आएं। मुख्यमंत्री दरबार में भी किसी की नहीं सुनी जाएगी।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सामनेघाट और बलुआघाट पुल लगभग तैयार है। बाकी परियोजनाओं पर भी तेजी से काम कराया जा रहा है। इस दौरान नगर आयुक्त ने नगर निगम से जुड़ी योजनाओं और कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने केंद्रीय योजनाओं की प्रगति का प्रजेंटेशन दिया। सिंचाई विभाग से वरुणा कॉरिडोर की प्रगति जानी। सीएम ने कहा कि बरसात बाद अभियान चलाकर सड़कें बनवाएं।
कानून व्यवस्था पर खास जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं भी कानून व्यवस्था बिगड़ी तो डीएम और एसएसपी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने की हिदायत दी। एनएचएचआई जैसी संस्थाओं को भी ताकीद की कि पहले पट्टा कराएं, खनन की अनुमति लें तभी कार्य कराएं। बैठक में केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, विधि एवं सूचना, खेल राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, प्रमुख सचिव (सूचना,धर्मार्थ कार्य) अवनीश अवस्थी, एडीजी जोन बी महापात्रा, कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, डीएम योगेश्वर राम मिश्रा, एसएसपी आरके भारद्वाज एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे।