वाराणसी। डिजिटल इंडिया के सपने के साकार करने में जुटे पीएम नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे सांसद बन गए हैं, जिनकी सांसद निधि के कार्यों की डिजिटल डायरी तैयार कर उसे ऑनलाइन कर दिया गया है। न सिर्फ वाराणसी बल्कि देश-दुनिया में कहीं से भी लोग घर बैठे उनकी सांसद निधि का लेखा-जोखा जान सकेंगे। डिजिटल डायरी सोमवार को वेबसाइट ‘वाराणसी डाट एनआईसी डाट इन’ पर अपलोड की गई। इसे डीएम वाराणसी और सीडीओ वाराणसी के फेसबुक पेज पर भी देखा जा सकेगा।
डिजिटल डायरी 147 पेज की है। इसमें पिछले तीन साल में सांसद निधि से यहां कराए गए 307 कार्यों का ब्यौरा है। इन कार्यों से जुड़े 163 फोटो भी अपलोड किए गए हैं। योजनाओं की लागत, काम शुरू होने और समाप्त होने की तिथि के अलावा कार्य स्थल और कार्यदायी संस्था सबका विवरण है। सांसद निधि के कार्यों में पारदर्शिता के लिहाज से इसे अहम कदम माना जा रहा है। सीडीओ सुनील कुमार वर्मा के मुताबिक देश में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी सांसद की सांसद निधि की डिजिटल डायरी तैयार कर उसे ऑनलाइन किया गया है। पारदर्शिता के लिए जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना की भी डिजिटल डायरी बनाई जाएगी। आगामी 15 दिनों के अंदर इसे भी ऑनलाइन कर दिया जाएगा। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक प्रेमचंद्र पटेल ने बताया कि डिजिटल डायरी में सांसद निधि के अब तक के तीन साल का पूरा विवरण है।
नमामि गंगे जागृति यात्रा में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी
वाराणसी। पहली सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी आ सकते हैं। बीते 11 अगस्त को शुरू हुई नमामि गंगे जागृति यात्रा 31 अगस्त को शहर पहुंचेगी। इसके मद्देनजर पहली सितंबर को अस्सी घाट पर जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मुख्य अतिथि के तौर पर पीएम मोदी को आमंत्रण भेजा गया है। गंगा के प्रति प्रधानमंत्री के लगाव को देखते हुए उनके आगमन की संभावनाएं जताई जा रही हैं।
नमामि गंगे जागृति यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने किया था। 11 अगस्त को हरिद्वार स्थित हरि की पौड़ी से शुरू हुई इस यात्रा के जरिए गंगा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल रूप देने के लिए आमजन को जागरूक करने में होमगार्ड्स विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जिला कमांडेंट होमगार्ड संजय कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि यह सिर्फ जल संरक्षण ही नहीं बल्कि मानवता और सृष्टि संरक्षण के उद्देश्य से एक अभिनव पहल है। पहली सितंबर को अस्सी घाट पर यात्रा विराम लेगी। इस मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में होमगार्ड्स विभाग के अधिकारी और जवानों के अलावा विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, गंगा स्वच्छता अभियान से जुड़ी स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और आमजन शामिल होेंगे।