वाराणसी। आयर बाजार में खुलने वाले इग्नू कैंपस और केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी कैंपस के लिए शुक्रवार कोे केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने निरीक्षण किया। इस दौरान मौजूद डीएम योगेश्वर राम मिश्र और एसडीएम सदर सुनील कुमार गौड़ को निर्देश दिया कि आवश्यक कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी कराएं।
इस दौरान मंत्री ने इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डा. एन त्रिपाठी और केंद्रीय विद्यालय के डिप्टी कमिश्नर डीटी राव की मौजूदगी में जमीन का मुआयना किया। मौके पर दोनों अधिकारियों ने मंत्री के समक्ष अपने प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी दी। बता दें कि मंत्री के प्रयास से रजवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय का नया कैंपस बनाने की प्रक्रिया चल रही है लेकिन पठन-पाठन इसी सत्र से शुरू कराने की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए आयर बाजार स्थित युवा कल्याण भवन में छह कमरे और अमर शहीद इंटर कालेज के छह कमरों को मिलाकर केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से शैक्षणिक सत्र का संचालन किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि संसदीय क्षेत्र और वाराणसी के लिए यह परिसर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर सिंह, रामदेव वर्मा, श्रीनिकेतन मिश्र, संतोष सिंह, देवेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।