जफराबाद। स्थानीय जंक्शन के समीप मुसहर बस्ती में शादी में आए एक युवक की सोमवार की रात ट्रेन से कटकर मौत हो गई। परिजनों को इसकी जानकारी सुबह हुई। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्र्टम के लिए भेज दिया।
जफराबाद जंक्शन के समीप स्थित मुसहर बस्ती में सोमवार को खदेरू मुसहर की बेटी सुमन की शादी थी। शादी में शामिल होने उसकी बेटी चन्दा व दामाद बृजमोहन निवासी लालाबाजार फतेहगंज भी आए थे। द्वाराचार के बाद परिवार के सभी लोग शादी में व्यस्त हो गए। मंगलवार की सुबह जब विदाई होने लगी तो पता चला कि रेलवे ट्रैक पर कोई रात को ट्रेन से कट गया है। परिवार के लोगो ने मौके पर बृजमोहन निवासी लालाबाजार के रूप में की। खदेरू एक तरफ जहां अपनी बेटी सुमन को सुहागन करके विदा कर रहे थे। वहीं दूसरी बेटी चन्दा विधवा हो गई थी।