वाराणसी में 10वीं के छात्र अभिषेक श्रीवास्तव ने कोरोना महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में ऐसा योगदान दिया है, जो वाकई तारीफ के काबिल है। अभिेषेक ने कड़ी मेहनत करके एक फुल बॉडी ऑटोमैटिक सैनिटाइजर मशीन बनाई है। इस मशीन को प्रयोग के तौर पर मंगलवार को शिवपुर थाने में लगाया गया है।
क्षेत्र के गणेशपुर निवासी अभिषेक ने बताया कि कोरोना वायरस से संकट के इस समय में लोग अपने हाथों को सैनिटाइज कर लेते हैं और चेहरे को धुल लेते हैं, लेकिन पहने हुए कपड़े के लिए कुछ नहीं करते हैं। इसलिए मैंने एक ऐसी मशीन बनाई है जो ऑटोमेटिक है और जैसे ही कोई इंसान इसके सामने आएगा वह उसे पूरी तरह से सैनिटाइज कर देगी।
अभिषेक ने बताया कि मशीन बनाने के लिए बिजली के काम में इस्तेमाल होने वाले पाइप को मेटल डिटेक्टर जैसा बनाकर उसे पॉलिथीन से ढक दिया गया है। इसके बाद खेतों में दवा का छिड़काव करने वाले नोजल को इसमें स्प्रे के लिए लगाया गया है।
इसके साथ आरओ में इस्तेमाल होने वाले बूस्टर पंप का उपयोग किया गया है। अभिषेक ने बताया कि इसमें ऊपर की तरफ एक लाइट जलती है जो बैक्टीरिया और कीटाणुओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लेती है। ठीक उसी समय सैनिटाइजर का स्प्रे होता है और इससे सारे वायरस मर जाते हैं।
अभिषेक ने बताया कि उनके इस काम में अभिभावक के साथ ही शिवपुर थाने की पुलिस ने भी सहयोग किया है। इस मशीन को बनाने में 1200 से 1500 रुपये का खर्च आया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कैंट मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि अभिषेक की प्रतिभा का सम्मान करते हुए हमने उनकी सैनिटाइजिंग मशीन को शिवपुर थाने के मेन गेट पर लगवाया है।