आईपीएस अमिताभ ठाकुर के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जिंदा जलाने की धमकी देने के मामले में बहरियाबाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया।
आईपीएस अधिकारी ने छह अप्रैल को लखनऊ के गोमतीनगर पुलिस से शिकायत की थी कि इज्जत नगर, बरेली के पुलिस चौकी पर हमला व पुलिस बर्बरता से संबंधित एक घटना का वीडियो पोस्ट करने पर वाराणसी के हिमांशु सिंह राजपूत ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जिंदा जलाने की धमकी फेसबुक पर दी थी।
इस मामले में गोमती नगर थाने में मुकदमा दर्ज नहीं होने पर आईपीएस अधिकारी ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी से शिकायत की थी। इस मामले की डीजीपी कार्यालय से साइबर सेल द्वारा जांच करने के बाद बहरियाबाद थाने को मुकदमा दर्ज करने के लिए निर्देशित किया गया था। थानाध्यक्ष सुशील कुमार यादव ने बताया कि लोकेशन के आधार पर जांच की जा रही है। हो सकता है कि आरोपी जनपद का ही रहने वाला हो। फिलहाल आरोपी की फेसबुक आइडी की जांच चल रही है।