देव दीपावली की तैयारियों के बारे में जानकारी देते समिति के पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : credit
देव दीपावली में इस बार नशा मुक्त भारत का संदेश दिया जाएगा। उत्सव के माध्यम से नशामुक्त भारत के अंतर्गत नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। श्री देव दीपावली एवं आरती महासमिति की ओर से बुधवार को गोलघर स्थित पराड़कर भवन में पत्रकारों को ये जानकारी दी गई। महासमिति के उपाध्यक्ष गंगाधर उपाध्याय और संस्थापक पं. नारायण गुरु ने बताया कि गंगा के 88 घाटों और उस पार पांच प्रमुख घाटों पर 109 समितियां दीप प्रज्ज्वलित करेंगी। इसके अलावा 130 कुंड व तालाबों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
इस बार आयोजन का 40वां वर्ष है। वर्ष 1986 से पंचगंगा घाट से शुरू हुई परंपरा अभी तक जारी है। समिति के संरक्षक बृज किशोर दास ने बताया कि समिति के दिवंगत अध्यक्ष आचार्य वागीश दत्त मिश्र के आकस्मिक निधन के पश्चात, महासमिति ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष की देव दीपावली का आयोजन 12 सदस्यों की एक विशेष समन्वय टीम के माध्यम से किया जाएगा। महासमिति ने यह भी तय किया है कि इस बार की देव दीपावली पूर्व अध्यक्ष वागीश दत्त मिश्र की स्मृति को समर्पित रहेगी। समन्वय समिति में गंगाधर उपाध्याय, पं. नारायण गुरू, छेदी लाल वर्मा, बृज किशोर दास महंत, सुशांत मिश्र, बाबू महाराज, बलराम मिश्र, अनुपमा मिश्र, कन्हैया त्रिपाठी, महेश तिवारी, नारायण द्विवेदी और पंकज अग्रवाल को शामिल किया गया है।