वाराणसी। पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस की तरफ से मैदान में उतरे पूर्व विधायक अजय राय के नामांकन जुलूस को भव्य बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। वह 29 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के लिए पार्टी ने प्रियंका गांधी, राजबब्बर, अशोक गहलोत और नवजोत सिंह सिद्धू के नाम का प्रस्ताव भेजा है।
नामांकन जुलूस आजाद पार्क से शुरू होकर कचहरी पहुंचेगा। नामांकन रूट पर पड़ने वाले महान क्रांतिकारियों एवं महापुरुषों की प्रतिमा पर अजय राय माल्यार्पण करेंगे। जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने बताया कि शूलटंकेश्वर महादेव के दर्शन के बाद नामांकन जुलूस पीलीकोठी के पास स्थित आजाद पार्क से शुरू होकर विशेश्वरगंज, टाउनहाल, मैदागिन, कबीरचौरा, लहुराबीर, संस्कृत विश्वविद्यालय, तेलियाबाग, नदेसर, वरुणापुल से कचहरी पहुंचेगा। यहां आंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ जुलूस समाप्त होगा। यह निर्णय शुक्रवार को लहुराबीर स्थित कार्यालय में महानगर कांग्रेस कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक का संचालन डॉ. नृपेंद्र नारायण सिंह ने किया। इस दौरान सतीश चौबे, प्रो. सतीश राय, राकेश चंद्र, आनंद शंकर मिश्रा, शैलेंद्र सिंह, अजीत सिंह, आनंद सिंह और फसाहत हुसैन आदि शामिल रहे।