वाराणसी। दिन में चल रहे सड़क मरम्मत के काम, निर्माण कार्य और खुदाई की वजह से शहर के कई हिस्सों में दिनभर जाम की स्थिति रही। एक और जहां मकर संक्रांति पर गंगा स्नान व बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए दूर दराज से श्रद्धालु आ रहे हैं, वहीं मुख्य रास्तों पर दिन में भी निर्माण और खुदाई के काम जारी हैं।
रविवार को रथयात्रा-मेहमूरगंज मार्ग की एक लेन पर सड़क निर्माण की वजह से दिनभर जाम की समस्या रही। महमूरगंज-सिगरा मार्ग पर भी खुदाई के कारण जाम की समस्या रही। नई सड़क में नगर निगम की ओर से खोदे गए गड्ढे के कारण जाम लगा था। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए मकर संक्रांति पर आने वाली भीड़ को देखते हुए गोदौलिया से चौक तक सड़क पर की बैरिकेडिंग कर दी गई है। इससे सड़क की कम चौड़ी रह गई है और श्रद्धालुओं के हुजूम के कारण जाम लगा हुआ था। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने चौकाघाट फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण रोजाना जैसे ही जाम की स्थिति बरकरार रही।
स्कूल, कॉलेजों और कार्यालयों की छुट्टी होने के साथ ही कई दुकानें बंद रहने के कारण अन्य दिनों की अपेक्षा रविवार को यातायात व्यवस्था सामान्य रहती है। मगर, इस रविवार को रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग की मरम्मत के कारण यहां वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही और रुक-रुक कर जाम लगता रहा। इस दौरान पुलिस ट्रैफिक कर्मी भी कहीं नजर नहीं आए।