वाराणसी। क्रूज संचालन के विरोध में मांझी समाज ने दूसरे दिन भी गंगा में नावों का संचालन बंद रहा है। नाविकों ने शनिवार को दशाश्वमेध और भैंसासुर घाट पर धरना देकर विरोध जताया।
भैंसासुर घाट पर शनिवार को नाविकों ने नौका संचालन ठप कर सभा की। नाविकों का कहना था कि उत्तर प्रदेश सरकार गंगा नदी में क्रूज संचालन को बढ़ावा देकर नौका चलाने वालों की रोजी-रोटी छीन रही है। क्रूज संचालन पर रोक लगाने के छह सूत्री मांगें पूरी की जाए। यदि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में राकेश साहनी, तन्ना निषाद, शंभ्र्ूा , अजय साहनी, पप्पू साहनी, दुर्गा, बबलू साहनी, राकेश साहनी, अशोक साहनी, बनारसी प्रधान, मुरारी लाल कश्यप समेत अन्य लोग शामिल रहे।
पर्यटक मायूस, पक्षी भी ताकते रहे भोजन की राह
काशी में पर्यटक गंगा घाट घूमने और नौका विहार करने आते हैं। दो दिनों से नौका विहार करने वालों को मायूसी हाथ लग रही है। पर्यटकों ने कहा कि अगर हड़ताल की जानकारी होती तो यात्रा निरस्त कर देते। इस हड़ताल से काशी आए विदेशी मेहमान साइबेरियन पक्षी भी परेशान हुए। लोग नौकायन के दौरान उनको दाने डालते हैं। हड़ताल के चलते पक्षी भी भोजन की राह ताकते रहे।