वाराणसी। लक्सा स्थित कपड़ों के शोरूम एम बाजार में बुधवार की रात चेंजिंग रूम में कपड़े बदल रही एक युवती का सेल्समैन छिप कर वीडियो बनाने लगा। सेल्समैन की करतूत की भनक युवती को लगी तो उसने शोर मचाना शुरू किया। बाहर मौजूद लोगों ने सेल्समैन को पकड़ लिया और लक्सा थाने ले गए। युवती के भाई की तहरीर पर जैतपुरा क्षेत्र निवासी सेल्समैन कामरान के खिलाफ छेड़खानी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र की युवती लक्सा स्थित कपड़ों के शोरूम एम बाजार में गई थी। लक्सा थाने में तहरीर देकर उसके भाई ने पुलिस को बताया कि रात 9:45 बजे के लगभग उसकी बहन एम बाजार के चेंजिंग रूम में कपड़े बदल रही थी। इसी दौरान सेल्समैन कामरान छिप कर वीडियो रिकार्डिगिं करने लगा। इसी दौरान उसकी नजर पड़ गई तो उसने शोर मचाया। इस पर सेल्समैन को उसके मोबाइल के साथ पकड़ कर लक्सा थाने लाया गया। इस बारे में इंस्पेक्टर लक्सा ने बताया कि आरोपी कामरान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।