फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरेराह असलहा तान महिला से लूटी चेन

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। बेखौफ बदमाशों ने फिर एक बार खुलेआम जिला पुलिस के इकबाल को चुनौती दी। सरेराह असलहा तानकर महिला की चेन लूट ले गए। सक्रिय पुलिसिंग की धज्जियां उड़ा देने वाली यह घटना मंगलवार की शाम की है। इसका सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। आम जन की तीखी प्रतिक्रियाओं के बीच पुलिस नींद से जागी और बदमाशों की धरपकड़ की कवायद शुरू की लेकिन सब कुछ ढाक के तीन पात ही रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्सा थाने में मुकदमा तो दर्ज कराया गया लेकिन न बदमाश पकड़ में आए और न उनके बारे में कोई ठोस सुराग ही पुलिस लगा पाई। हर बार की तरह इस बार भी पूरी कवायद अंधेरे में तीर मारने से आगे नहीं बढ़ सकी।
विज्ञापन

लक्सा-गुरुबाग मुख्य मार्ग पर संत नगर कॉलोनी मोड़ के समीप मंगलवार की शाम पांच बजे बाइक सवार दो बदमाश खड़े थे। तभी वहां गुजर रही एक महिला की कनपटी पर एक बदमाश ने तमंचा सटा दिया और उसके गले की चेन खींचने लगा। महिला साहस दिखाते हुए बदमाश से भिड़ गई। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग दौड़कर वहां आ गए। तभी बाइक से उतरकर दूसरा बदमाश भी तमंचा लहराते हुए वहां पहुंच गया। सबको दूर हट जाने की धमकी दी। तब तक महिला की चेन का आधा हिस्सा टूटकर पहले बदमाश के हाथ आ चुका था। दोनों बदमाश कुछ देर तक सरेआम तमंचा लहराकर सबको धमकाने के बाद बाइक से निकल भागे। यह सारा वाकिया नजदीक स्थित एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना के बारे में सीओ दशाश्वमेध स्नेहा तिवारी ने बताया कि महिला सोनभद्र की थीं और उन्होंने मुकदमा दर्ज कराने से मना किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दो बदमाशों के विरुद्ध अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कर पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें