वाराणसी। कहते हैं कि जब किस्मत साथ दे तो हर मुश्किल आसान हो जाती है। मंगलवार को बाबतपुर एयरपोर्ट से एक मरीज की तबीयत बिगड़ने पर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था कर उसे बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती कराया। मरीज को अस्पताल तक जल्द से जल्द पहुंचाने के लिए 42 किलोमीटर की दूरी 40 मिनट में तय कर ली गई।
मऊ के मूल निवासी मो. एहतेशामुुद्दीन (40) नई दिल्ली स्थित बहरीन दूतावास में कर्मचारी हैं। तबीयत खराब होने की सूचना पर परिजन उन्हें देखने दिल्ली पहुंचे। यहां परिजनों ने दिल्ली में ही इलाज कराने की बात कही लेकिन एहतेशामुद्दीन ने बीएचयू अस्पताल में इलाज कराने की इच्छा जताई। इसके मद्देनजर दूतावास के अधिकारियों को जानकारी दी गई, जिसके बाद अधिकारियों ने एयरपोर्ट अथॉरिटी से इसके बाबतपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट से बिना किसी बाधा के जल्द से जल्द बीएचयू अस्पताल पहुंचाने के लिए कहा। स्थानीय अधिकारियों ने इसकी सूचना सीएमओ को दी। सीएमओ ने बीएचयू अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से बातचीत कर भर्ती की व्यवस्था कराने के लिए कहा। बीएचयू अस्पताल की एंबुलेंस उन्हें एयरपोर्ट लेने पहुंची। दोपहर 12:35 बजे एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन में यातायात पुलिस चौराहे खाली कराते हुए मरीज को अस्पताल लेकर पहुंची। एसपी ट्रैफिक के अनुसार यह पांचवां केस है, जब व्यस्त मार्ग पर ही ग्रीन कॉरिडोर जैसा बनाकर मरीज को उपचार के लिए गंतव्य तक पहुंचाया गया है।