हर साल की तरह इस साल भी बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान का वार्षिक दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन से पहले होने वाले दो दिवसीय साहित्यिक प्रतिस्पर्धाएं शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। इसमें निबंध, कहानी लेखन, क्विज आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें भावी डॉक्टरों को हुनर दिखाने का मौका मिलेगा।
संस्थान में इस दो दिवसीय आयोजन को लेकर गुरुवार को दिन भर तैयारी चलती रही। कार्यक्रम संयोजक प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने बताया कि 9-10 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रतियोगिताएं होगी। इसका उदघाटन संस्थान के निदेशक डॉ. वीके शुक्ला करेंगे। इसके तहत स्लोगन राइटिंग, निबंध लेखन, कहानी लेखन, क्विज आदि प्रतियोगिता होगी। इसमें संस्थान के आयुर्वेद, मेडिसिन, दंत विज्ञान संकाय, नर्सिंग छात्र-छात्रा भाग लेंगे। बताया कि छात्र-छात्राओं में साहित्य के प्रति लगाव पैदा करना ही मुख्य उद्देश्य है।