राजातालाब। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर गंगापुर में बुधवार को वाणिज्य संकाय की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम वाणिज्य महोत्सव का आयोजन हुआ। इसमें विद्यापीठ के कुलपति डॉ. पृथ्वीश नाग ने कहा कि अगले साल से 50 बेड का नेचुरोपैथी अस्पताल खोल जाएगा। केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। इसके लिए औपचारिक बैठक होना बाकी है। विद्यापीठ से जल्द ही बस सेवा और नए कोर्स शुरू होंगे। इस मौके पर कुलपति ने दो नए महिला एवं पुरुष हॉस्टल का लोकार्पण किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र संघ की अनुदानित वार्षिक पत्रिका विभूति का विमोचन हुआ। छात्र छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मिस कॉमर्स और मिस्टर कॉमर्स का भी चयन किया गया। डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर की छात्रा पूजा अग्रहरि और लोकेश चौरसिया को चुना गया। वाणिज्य विभाग की तरफ से किरन कुशवाहा, श्वेता सिंह, शांभवी राय को सम्मानित किया गया जिन्होंने विश्वविद्यालय के टॉप 10 विद्यार्थियों में स्थान बनाया था।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर केके अग्रवाल व विभागाध्यक्ष तथा निदेशक प्रोफेसर शंभू उपाध्याय सहित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलसचिव ओम प्रकाश, वित्त अधिकारी प्रोफेसर मुहम्मद आरिफ, विकास अधिकारी प्रोफेसर चतुर्भुज नाथ तिवारी, संपत्ति अधिकारी सूर्यनाथ सिंह मौजूद थे। इस कार्यक्रम में परिसर के समस्त अध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. मनीष सिंह व धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम के संयोजक वाणिज्य विभाग के डॉ. रमेश मिश्रा ने किया।