वाराणसी। दालमंडी बाजार की जर्जर इमारतों के नीचे अवैध तरीके से बनाए गए बेसमेंट के मामले में गिरफ्तार लईक अहमद और शाहिद अली को पुलिस ने गुरुवार को सीजेएम अभय श्रीवास्तव की कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उधर, मामले के पांच अन्य नामजद मंसूर अहमद, शमशेर अहमद, अली जान, आलिया, सायरा बानो और फरजाना की तलाश में पुलिस ने दालमंडी, नदेसर और चेतगंज क्षेत्र में अलग-अलग जगह छापामारी की लेकिन किसी का सुराग नहीं लगा। पुलिस आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों की जानकारी के लिए उनके करीबियों से पूछताछ में जुटी हुई है।
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर के यलो जोन से लगभग सौ मीटर की दूरी पर जमीन के नीचे अवैध तरीके से किए गए निर्माण कार्य को लेकर चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के नामजद चेतगंज के मलदहिया निवासी लईक अहमद और बेनियाबाग की रिजवी गली निवासी शाहिद अली को इंस्पेक्टर चौक अशोक कुमार सिंह ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य नामजद की गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर चौक के नेतृत्व में दो टीमें लगी हुई हैं। सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की सुरागकशी की जा रही है। लक्सा, दशाश्वमेध और चौक इंस्पेक्टर को ताकीद की गई है कि काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र के यलो जोन में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जहां भी अवैध तरीके से निर्माण कार्य हो रहे हों उनकी जानकारी वीडीए के अभियंताओं के साथ ही एसीएम सहित अन्य उच्चाधिकारियों का दें। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी किस्म की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।