वाराणसी। भीटी बाईपास के पास से गुरुवार को रामनगर पुलिस ने एक पिकअप से 149 पेटी से 7152 शीशी अवैध शराब बरामद की। बरामद शराब के साथ पिकअप चालक बिहार के बक्सर निवासी श्रवण कुमार पासवान उर्फ सूरज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब बरामद कर आरोपी सूरज को जेल भेज दिया। सूरज ने पुलिस को बताया कि वह शराब को लेकर बक्सर जा रहा था। उसे शराब की खेप देने और लेने वाले की कोई जानकारी नहीं है। वह सिर्फ कूरियर ब्वाय का काम करता था।
सीओ कोतवाली बृजनंदन राय ने अपने कार्यालय में बताया कि रामनगर थानाध्यक्ष विवेक कुमार श्रीवास्तव को सूचना मिली थी कि भदोही जिले से नकली शराब की खेप भीटी बाईपास होकर बिहार के बक्सर ले लाई जाएगी। इस सूचना पर अपनी टीम के साथ थानाध्यक्ष रामनगर ने भीटी बाईपास पर वाहनों की चेकिंग शुरू कराई। पुलिस को देख चालक ने पिकअप की गति तेज की लेकिन घेरेबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। सीओ कोतवाली ने बताया कि बरामद शराब की कीमत पांच लाख छत्तीस हजार चार सौ रुपये है।