वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव का शोर गुरुवार की शाम थम गया। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ से दो बजे तक मतदान होगा। इसके लिए मानविकी संकाय में 20 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान खत्म होने के बाद चार बजे से मतगणना शुरू होगी और एक घंटे में इसका परिणाम भी आ जाएगा। मद्देनजर के मद्देनजर विश्वविद्यालय में गुरुवार को युद्धस्तर पर तैयारियां चलती रहीं। शाम को चुनाव अधिकारी और कुलानुशासक ने मतदान स्थल का जायजा लिया।
काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ चुनाव में इस बार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री और पुस्तकालय मंत्री समेत चार प्रमुख पदों पर 11 दावेदार मैदान में हैं। वहीं, संकाय प्रतिनिधि के विभिन्न पदों पद पर 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कुल 8133 मतदाता शुक्रवार को अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इसमें 4838 छात्र और 3295 छात्राएं शामिल हैं। मानविकी संकाय में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके लिए 20 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। साथ ही छात्र-छात्राओं को मतदान स्थल तक जाने के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ढाई कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, दो सीओ, 15 एसओ, 46 सब इंस्पेक्टर, चार महिला सब इंस्पेक्टर, 15 हेड कांस्टेबल और 300 कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है।