जौनपुर। जिले के नगर, मीरगंज, महराजगंज, जफराबाद में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी और तालाब में चार लोग डूब गए। इन घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई जबकि शहर में गोमती नदी के विसर्जन घाट पर डूबे युवक की तलाश की जा रही है। गोताखोर उसे तलाश कर रहे हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र के रासमंडल निवासी शिवमूरत का बेटा सनी यादव (22) रविवार की सुबह मूर्ति विसर्जन के लिए नखास स्थित विसर्जन घाट पर गया था। मूर्ति विसर्जन के बाद वह अन्य लोगों के साथ हाथ पैर धुलने के लिए नदी में गया। गहराई में जाने कारण वह डूब गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश करा रही है। मीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार पंवारा थाना क्षेत्र के महेंद्रू गांव निवासी संतोष कुमार का बेटा डिल्लू (15) मूर्ति विसर्जन के लिए करौर गांव स्थित तालाब पर गया था। विसर्जन के बाद स्नान करते समय वह डूब गया। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बहोरिकपुर अहिरौली में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने लोग सई नदी के पड़नी घाट पर गए थे। विसर्जन के दौरान सुजानगंज थाना क्षेत्र के बहोरिकपुर अहिरौली निवासी रमाशंकर प्रजापति (25) पुत्र सबेरेलाल डूब गया। उसे बचाने का प्रयास करते समय गांव के ही महेंद्र पटेल और दिग्गी सिंह डूबने लगे। दोनों को तो बचा लिया गया लेकिन रमाशंकर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जफराबाद प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को जफराबाद के नाव घाट पर बने विसर्जन कुंड में प्रतिमाओं के विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान झारखंड के रांची का निवासी शनि (21) भी मूर्ति विसर्जन देखने यहां आया था। वह पौना गांव में एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। वह पुल की रेलिंग पर बैठा था तभी नदी में गिर पड़ा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश कर रही है।