वाराणसी। काशी की मुस्लिम बहनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए खास अपने हाथों से राखी बनाई। मोती, सितारों और गोटे से पीएम की इस राखी को उन्होंने सजाया और उसे नाम दिया ‘मोदी राखी’। हाथ से बनी इस राखी के जरिये मुस्लिम बहनों ने पीएम मोदी के साथ नेह का रिश्ता तो गांठा ही, यह संदेश भी दिया कि वे चीन के विरोध में हैं। बहनों ने स्पीड पोस्ट के जरिये मोदी को राखी तो भेजी ही साथ ही एक चिट्ठी भी भेजी है जिसमें उन्होंने बनारस के दर्द को बयां किया है।
मुस्लिम महिला फाउंडेशन और विशाल भारत संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को हुकुलगंज में ‘मोदी राखी निर्माण कार्यक्रम’ में मुस्लिम महिलाओं ने प्रधानमंत्री के लिए राखी बनाई। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि महंत बालकदास जी ने किया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर पंचगंगा फाउंडेशन के डॉ. हेमंत गुप्ता भी मौजूद रहे। डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि चीन के खिलाफ हर घर से आवाज बुलंद होनी चाहिए। फाउंडेशन की सदर नाजनीन अंसारी ने कहा कि पीएम को उन्होंने राखी के साथ चिट्ठी भी भेजी है जिसमें बनारस की बदहाल स्थिति, बुनकरों के दर्द और चीन के विरोध में पीएम के साथ खड़े होने का वादा दिया है। मुस्लिम महिलाओं ने सभी बहनों से ये अपील भी कि वो चाइनीज राखी का विरोध तो करें ही साथ भाइयों से राखी बंधवाई के तौर पर चाइनीज सामानों के बहिष्कार करने का वादा भी लें। इस मौके पर शबाना बानो, नजमा परवीन, गुड़िया कुरैशी, अर्चना भारतवंशी, डॉ. मृदुला जायसवाल, जरीना, नगमा, गुलफ्शां, नूरजहां आदि मौजूद रहीं।