वाराणसी। जीएसटी लागू होने के बाद कारोबारियों को परेशानी न हो, इसके लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। कारोबारियों, उद्यमियों और अधिवक्ताओं की सहूलियत के लिए रविवार को भी वाणिज्य कर विभाग खुल रहा। विभाग में दिनभर प्रोविजनल आईडी, पैन अपग्रेड के साथ हेल्प डेस्क पर कारोबारियों की मदद की गई।
व्यापारी सुविधा केंद्र में बने हेल्प डेस्क पर व्यापारियों की मदद की गई। ज्यादातर व्यापारियों को जीएसटीएन नंबर को लेकर दिक्कत थी। कई ऐसे भी रहे जिनको अभी तक नंबर नहीं मिला है, उनको पुराने टिन पर काम करने की सलाह दी गई। दिनभर विभाग में गहमागहमी रही। खंड में बैठे अधिकारियों के कार्यालय में अधिवक्ताओं की समस्याओं को दूर किया गया। डिप्टी कमिश्नर से लेकर हेल्प डेस्क पर कर्मचारी उद्यमियों और अधिवक्ताओं के सवालों का जवाब देते रहे।