दानगंज। क्षेत्र के पांडेय बस्ती में बुधवार को डायरिया से नौ साल की बच्ची की मौत से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा है। इसके अलावा छह से अधिक लोग बीमार हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। दो-तीन दिन से यहां लोग उल्टी-दस्त से परेशान हैं। गंदगी और सीवेज बहने के साथ दूषित जलापूर्ति मुख्य वजह बताई जा रही है।
क्षेत्र के चमरहां स्थित निजी अस्पताल में जिन लोगों का इलाज चल रहा है उसमें गोरख पांडेय (55), सत्येंद्र (25), जितेंद्र (18), रामा पांडेय (40) और प्रेमलता (16),गीता (35) शामिल हैं। इनके अलावा पिछले दो दिन में यहां कई लोग अपना इलाज करा चुके हैं। लोगों ने बताया कि बस्ती में पिछले कई दिनों से गंदगी का अंबार लगा हुआ है लेकिन कोई देखने नहीं आया। इन्हीं वजहों से यहां डायरिया ने पांव पसार लिए और फिर तेजी से फैलता गया। जल्द ध्यान न दिया गया तो हालात बेकाबू हो जाएंगे। उधर बस्ती के पिंटू पांडेय की बिटिया श्रद्धा(9) की बुधवार को दिन में उल्टी, दस्त शुरू हुआ। पहले लोग नियार स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां ताला लटकता मिला। तबीयत बिगड़ता देख उसे पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद घर ले आए। इस बीच रात करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर ेस स्वास्थ्य केंद्र पर लापरवाही बरतने को लेकर नाराजगी है। मामले में सीएमओ डॉ. वीबी सिंह का कहना है कि डायरिया से बच्ची की मौत का मामला गंभीर है। मामले में स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी से बात कर गुरुवार को रिपोर्ट मांगी गई है। गुरुवार को बस्ती में चिकित्सकों की टीम भेजकर लोगों की जांच कराई जाएगी।