70वीं प्रदेशीय माध्यमिक स्कूली विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) भोलेंद्र प्रताप सिंह ने 24 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की। अध्यक्षता कर रहे डीआईओएस ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 18 मंडल के 1000 से ज्यादा बालक-बालिका खिलाड़ी काशी पहुंचेंगे। अंडर 14, 17 और 19 बालक-बालिका वर्ग में प्रतियोगिता की मेजबानी विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर को दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रादेशिक प्रतियोगिता चार कोर्ट पर खेली जाएगी। तीन कोर्ट पर मैच जबकि एक कोर्ट पर खिलाड़ी वार्मअप करेंगे। प्रादेशिक हैंडबॉल 30 निर्णायकों की देखरेख में खेली जाएगी। उन्होंने कहा कि वाराणसी को पहली बार हैंडबॉल की प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है।आवासीय विद्यालय के चिह्नित विद्यालयों के प्रधानाचार्य से कहा कि बाहर से आए खिलाड़ियों, टीम मैनेजर और कोच को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए आवास शौचालय पानी की व्यवस्था अन्य आवश्यकताओं की सूची भी डीआईओएस ने मांगी है। मंडलीय सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आवासीय व्यवस्था के लिए 24 विद्यालयों का चयन किया गया है। इसमें 18 मंडल के अलावा कस्तूरबा बालिका और बेसिक विभाग की अंडर 14 टीमे भी हिस्सा लेंगी। क्षेत्रीय खेल विभाग से भी इसमें मदद ली जाएगी।
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों ने किया अभ्यास
गत वर्ष की विजेता वाराणसी की हैंडबॉल टीम ने अभ्यास शुरू कर दिया है। मंगलवार को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने अभ्यास किया। यूपी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि यहां हर रोज खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। समय-समय पर मैच भी कराई जाती है। खिलाड़ियों को बॉल थ्रो, अटैक के अलावा डिफेंस करने की जानकारी दी गई।