डीएवी पीजी कॉलेज में मंगलवार को छात्र और छात्राओं के बीच पुलिस अधिकरियों ने क्लास ली। एसीपी कोतवाली जोन विजय प्रताप सिंह ने कहा कि अब छात्राओं को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस लड़कियों से जुड़े हर मुद्दे पर बेहद संवेदनशील है, जैसे छेड़खानी, साइबर फ्रॉड, पीछा करना, अपशब्द या फब्तियां कसना। किसी भी मामले में राज्य सरकार की ओर से जीरो टॉलरेंस का आदेश है। 1090, डायल 112 और 1930 जैसे नंबर सभी को याद होने चाहिए। अध्यापक भी छात्राओं की काउंसलिंग करें। कॉलेज के आइक्यूएसी की ओर से मंगलवार को नारी सुरक्षा सम्मान के लिए मिशन शक्ति कार्यक्रम किया गया। कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में एसीपी कोतवाली बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। कार्यक्रम में कोतवाली जोन प्रभारी रोशनी नरवरिया भी मौजूद रहीं। स्वागत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल, उपाचार्य प्रो. संगीता जैन और आइक्यूएसी की समन्वयक डॉ. पारुल जैन मौजूद रहीं।