ओडिशा में रेल हादसे की वजह से शनिवार को 25 मई से तीन जून तक चलने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का समापन सादे अंदाज में हुआ। समापन समारोह में हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद चैंपियन विश्वविद्यालय को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
आईआईटी बीएचयू के स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर में शनिवार को 21 खेलों में 69 पदक (26 स्वर्ण, 17 रजत और 26 कांस्य) के साथ पंजाब यूनिवर्सिटी चैंपियन रही। 68 (24 स्वर्ण, 27 रजत और 17 कांस्य) पदकों के साथ गुरुनानक देव विवि अमृतसर दूसरे और 32 (16 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य) पदकों के साथ जैन विवि कर्नाटक की टीम तीसरे स्थान पर रही। तीनों विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
आईआईटी बीएचयू के रमेश श्रीनिवासन इनडोर हॉल में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के अंतिम दिन योग प्रतियोगिता में राष्ट्रसंत तुकादोजी महाराज नागपुर यूनिवर्सिटी को महज 0.23 अंकों के अंतर से पराजित कर सावित्री बाई फुले विश्वविद्यालय पुणे ने योगासन स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर 399.50 अंक अर्जित किए। जबकि प्रतिद्वंद्वी यूनिवर्सिटी को 399.27 अंक मिले। प्राप्त हुए। उसे रजत पदक से संतोष करना पडा। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की टीम को 398.91 अंक मिले। तीसरे पायदान पर रहने वाली टीम को कांस्य पदक मिला।