वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र जिले के एक गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब लोगों को गेहूं के खेत में विशालकाय मगरमच्छ होने की सूचना मिली। जिस किसी ने भी उस मगरमच्छ को देखा उसके होश उड़ गए। गांव-घर के लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह 10 फीट लंबा मगरमच्छ सोनभद्र जिले के धरसड़ा गांव के एक खेत में घात लगाकर बैठा हुआ था।
बुधवार की सुबह करीब पांच बजे ग्रामीण नित्य क्रिया के लिए खेत में जा रहे थे। उसी दौरान लल्ला दुबे के गेहूं के खेत में से कुछ अजीब तरह की सरसराहट की आवाज सुनाई देने लगी।
ग्रामीणों ने जब नजदीक से जाकर देखा तो खेत में एक विशालकाय मगरमच्छ बैठा हुआ था, जिसे देखकर लोगों को होश उड़ गए। थोड़ी ही देर में मगरमच्छ को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
भीड़ देखकर मगरमच्छ बांस की कोठी में घुस गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना पर वन विबाग के अधिकारी अपनी टीम के साथ पहुंच। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़ लिया।
इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने वाहन पर लादकर मगरमच्छ को मुक्खा फाल में ले जाकर छोड़ दिया। वन क्षेत्राधिकारी एसके राम ने बताया कि पकड़ा गया मगरमच्छ मादा है, जो करीब10 फीट लंबा है।