सावन माह में काशी में आने वाले कावड़ियों को स्वास्थ्य सुविधाएं तत्काल मिलेंगी। इसके लिए सरकारी अस्पतालों में 10-10 बेड रिजर्व करवाए गए हैं। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के पास एंबुलेंस भी 24 घंटे खड़ी रहेगी। कावड़ रूट में आने वाले स्वास्थ्य केंद्रों पर भी बेड रिजर्व करने के साथ ही यहां स्वास्थ्य टीम तैनात रहेगी।
सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, शास्त्री अस्पताल रामनगर, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में 10-10 बेड और जिले की सीएचसी पर 5-5, पीएचसी में 2-2 बेड रिजर्व करवाए गए हैं। यहां आकस्मिक स्थिति में इलाज की हर संभव सुविधा रहेगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि इमरजेंसी में श्रद्धालुओं को एक्स-रे, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, ब्लड जांच कर तुरंत रिपोर्ट दी जाएगी। मंडलीय अस्पताल की एसआईसी डॉ. मृदुला मलिक ने बताया कि इमरजेंसी में कांवड़िया वार्ड बनाए गए हैं।