उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगाओं का प्रमोशन ‘फंस’ गया है। प्रक्रिया रुकी है वर्ष 1989-90 बैच के उन दारोगाओं से जिनकी जन्मतिथि का रिकॉर्ड ट्रेनिंग सेंटरों पर नहीं मिल पा रहा है।
अब भर्ती बोर्ड में फाइलें खंगाली जाएंगी। पुलिस अकादमी, पीटीसी मुरादाबाद और पीटीसी सीतापुर के अफसर उम्र संबंधी दस्तावेज तलाशने के बाद ग्रेडिंग लिस्ट तैयार करेंगे। उसके बाद प्रमोशन की फाइनल लिस्ट जारी हो सकेगी।
प्रदेश में 2110 दारोगाओं को प्रमोशन देकर इंस्पेक्टर बनाया जाना है। इसकी प्रक्रिया पिछले करीब छह महीने से चल रही है। भर्ती बोर्ड ने प्रमोशन के लिए जो दायरा तय किया है, उसमें 1979 बैच से 1990 तक के दारोगा आ रहे हैं।
1989-90 बैच के दारोगाओं की संख्या सर्वाधिक 991 है। इनमें पीटीसी मुरादाबाद में ट्रेनिंग लेने वाले 324 दारोगा हैं, जबकि पीटीसी सीतापुर में 417 ने प्रशिक्षण लिया था जबकि पुलिस अकादमी में 250 प्रशिक्षण पाए थे।
इस बैच के सभी दारोगा प्रमोशन के दायरे में नहीं आ पा रहे हैं लिहाजा वरिष्ठता सूची बनाई जा रही है। वरिष्ठता सूची उम्र के हिसाब से बन रही है लेकिन इन तीनों ट्रेनिंग सेंटरों पर इन दारोगाओं की उम्र संबंधी कोई प्रमाण नहीं मिल पा रहा है।
भर्ती बोर्ड ने वरिष्ठता सूची तैयार करने वाली कमेटी का अध्यक्ष पुलिस अकादमी के डायरेक्टर एके जैन को बनाया है। अब भर्ती बोर्ड में जाकर इन दारोगाओं की उम्र संबंधी दस्तावेज तलाशे जाएंगे। इस पूरी भागदौड़ में महीने दो महीने का वक्त लगना तय है।