यूपी कंबाइंड प्री-मेडिकल टेस्ट (यूपी सीपीएमटी) 2013 का रिजल्ट बुधवार देर शाम जारी कर दिया गया। यह रिजल्ट गुरुवार सुबह से ऑफिशियल वेबसाइट पर देखा जा सकेगा।
सीपीएमटी में सहारनपुर के सिद्धांत अरोड़ा ने टॉप किया है। उनकी कंबाइंड रैंक वन है। उन्हें 200 में 183 मार्क्स मिले हैं। वहीं, लखनऊ के रघुनाथ दीक्षित सेकेंड टॉपर हैं।
सहारनपुर की ही शीना मनचंदा ने कंबाइंड मेरिट लिस्ट में तीसरी रैंक हासिल करके लड़कियों में पहली रैंक हासिल की है। प्रदेश के टॉप-20 की मेरिट लिस्ट में सहारनपुर और लखनऊ के होनहारों का दबदबा है। इस लिस्ट में कानपुर के किसी मेधावी को जगह नहीं मिल पाई है।
हालांकि टॉप-100 में कानपुर के 13 मेधावियों ने जगह बनाई है। पहले यह रिजल्ट पहले पांच जुलाई को जारी किया जाना था लेकिन दो दिन पहले ही बुधवार शाम को जारी कर दिया गया है। इसकी कोई खास वजह नहीं बताई गई है।
यूपी सीपीएमटी का रिजल्ट छत्रपति शाहूजी महाराज यूनिवर्सिटी कानपुर के कुलपति और सीपीएमटी के चेयरमैन प्रो. अशोक कुमार ने जारी किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि 78,968 अभ्यर्थियों ने फार्म भरा था।
इनमें से प्रदेश के 15 जिलों के 144 सेंटर पर 76,072 अभ्यर्थियों ने एंट्रेंस टेस्ट दिया था। इन सभी के रिजल्ट जारी किए गए हैं। कंबाइंड रैंक छह पाने वाले लखनऊ के रोहित गुप्ता ओबीसी के टॉपर हैं।
एससी कैटेगरी के टॉपर धामपुर बिजनौर के गौरव चंद्रा बने हैं। उनकी कंबाइंड रैंक 41वीं और एससी रैंक वन है। 6,757वीं रैंक पाने वाले सत्य प्रकाश एसटी कैटेगरी के टॉपर हैं।
इस बार टॉप-20 मेधावियों की लिस्ट जारी की गई है। इसमें लड़कियों का भी दबदबा है। गुरुवार की सुबह ही वेबसाइट पर अभ्यर्थियों के स्कोर कार्ड, एंट्रेंस टेस्ट के आंसर-की और रैंक उपलब्ध करा दी जाएंगी।
युनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार सय्यद वकार हुसैन और सिस्टम मैनेजर डॉ. सरोज द्विवेदी ने बताया कि रिजल्ट शासन को उपलब्ध करा दिया गया है। इस मौके पर डॉ. सुधांशु पांड्या और असिस्टेंट लाइब्रेरियन डॉ. आशीष श्रीवास्तव मौजूद रहे।
किसका कितना कटऑफ
कुलपति ने बताया कि शासन ने एमबीबीएस, बीडीएस में एडमिशन का सामान्य कटऑफ 50 फीसदी मार्क्स तय किया है। ओबीसी, एससी, एसटी का कटऑफ 40 फीसदी मार्क्स है।
आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक में एडमिशन का सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी का कटऑफ 35 फीसदी मार्क्स है। एंट्रेंस टेस्ट में इससे कम कटऑफ मार्क्स पाने वालों को एडमिशन नहीं मिल पाएगा। इस आशय का सर्कुलर भी जारी कर दिया गया है।
काउंसलिंग 25 जुलाई से!
सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 25 जुलाई से प्रस्तावित है। इससे एमबीबीएस की 1034 सीटें, बीडीएस की 51 सीटें, बीएचएमएस की 300 सीटें, बीएएमएस की 320 सीटें और बीयूएमएस की 80 सीटें भरी जानी हैं। एमबीबीएस के लिए 10 मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन होना है।
ये हैं टॉप-10 मेधावी
1- सिद्धांत अरोड़ा, सहारनपुर
2- रघुनंदन दीक्षित, लखनऊ
3- शीना मनचंदा, सहारनपुर
4- रजत मिश्रा, गोरखपुर
5- केशव नरेंद्र सिंह, झांसी
6- रोहित गुप्ता, लखनऊ
7- दीक्षा शर्मा, लखनऊ
8- केशू जिंदल, मुजफ्फर नगर
9- प्रशांत गुप्ता, आगरा
10- पूर्वी वार्ष्णेय, मुरादाबाद