प्रयागराज, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022, नेताओं से चुनावी चर्चा
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा ने दिया जवाब
भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि केशव प्रसाद के ऊपर सब राजनीतिक मुकदमे हैं, कोई क्रिमिनल केस नहीं है। मगर सपा में अतीक अहमद से लेकर मुख्तार अंसारी तक सब दुर्दांत अपराधी हैं। वहीं, भाजपा के जिला अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर 15 वर्षों का जो कुशासन का राज था, जिन्होंने भ्रष्टाचार की गंगा को बहाने का काम किया, जिन्होंने शरीफ लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने का काम किया, आम शहरियों की जमीनों पर कब्जा करने का काम किया, उन्हीं लोगों की आवाज को बुलंद करने का काम केशव जी ने और योगी जी ने किया। इस कारण इनके ऊपर द्वेषपूर्ण कार्रवाई की गई।
कांग्रेस का भाजपा पर हमला
कांग्रेस नेता सुरेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दे से लेकर बेरोजगारी सहित सभी अहम मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी नेता प्रियंका गांधी ने 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा की है। हम किसानों का कर्ज माफ करेंगे, बिजली हाफ करेंगे। सुरेश यादव ने आगे कहा कि हमारी सरकार कोरोना काल में गरीब मजलूम परिवारों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी, जिन लोगों की जान कोरोना काल में भाजपा के दवा के अभाव में चली गई। भाजपा ने केवल शहर का नाम बदलने का काम किया है। यह इंदिरा जी और नेहरू जी का शहर है।
आप और बसपा के नेताओं ने कही ये बात
बसपा नेता रामवृज गौतम ने कहा कि हमारी पार्टी भारत का संविधान पर यकीन करती है। अगर हर जगह भारत का संविधान सही से लागू हो जाए तो पूरे मुद्दे हल हो जाएंगे। इसलिए हम कोई वादे नहीं करते और न ही कोई घोषणा पत्र वोटर के सामने रखते हैं। यहां की जनता कांग्रेस, सपा, भाजपा को देख चुकी है। इस बार बसपा को दो तिहाई महुमत मिलेगी। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कादिर जी ने कहा कि आम आदमी पार्टी आंदोलन से बनकर आई है और आंदोलन की पार्टी है और हमने नौ वर्षों में जो दिल्ली में शिक्षा मॉडल, बिजली मॉडल दिया है उसी के तहत यहां काम करेंगे। आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जो भी वादा करेगी, उसे एक एक कर पूरा करेगी।
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022, नेताओं से चुनावी चर्चा
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा का सपा पर पलटवार
भाजपा के जिला अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि सनातन काल से ही प्रयाग की अपनी एक गरिमा रही है और जिस तरीके से मुगलों और तुर्कों ने यहां की संस्कृति पर हमला किया था। आज जब इस देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत पूर्ण बहुमत की भाजपा की सरकार बनी तो उन मुगलों और तुर्कों के द्वारा जो आक्रमण किए गए थे उनका जवाब दिया जा रहा है और जो हमारी सनातन संस्कृति है, उसके अनुरुप पूरा वातावरण पूरे देश में व्याप्त हो रहा है।
समर्थकों ने क्या क्या कहा?
- भाजपा समर्थक ने कहा कि सपा की सरकार में गुंडे सड़कों पर रहते थे। बहन बेटियां सड़कों पर छेड़ी जाती थीं। इन्हें शर्म से डूब मरना चाहिए।
- कांग्रेस और सपा के समर्थकों ने कहा कि अजय मिश्रा टेनी पर भाजपा के लोग क्यों चुप हैं?
- सपा के समर्थक ने कहा कि इस सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था खराब है।
- सपा समर्थित एक युवक ने कहा कि डबल इंजन की सराकर नौजवानों को रोजगार क्यों नहीं देती? अगर हम रोजगार मांगने जाते हैं तो हमें लाठियां मिलती हैं।