बेहटामुजावर। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के पास डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद भीड़ लग गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। परिजनों ने बताया कि युवक की भतीजी की रविवार को बरात आनी थी। वह अपने लिए कपड़े लेने जा रहा था, तभी हादसा हो गया। हादसे के वक्त वह हेलमेट नहीं लगाए था।
बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के गढ़ी गांव निवासी सुशील कुमार (35) पुत्र मोहनलाल की पारिवारिक भतीजी कंचन की रविवार को बांगरमऊ कोतवाली के भिखारीपुर रुल्ल गांव से बरात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रविवार शाम करीब छह बजे सुशील घर से एक बोरी में धान लेकर गौरियाकला गांव में बेचकर अपने लिए कपड़े लेने जा रहा था।
मुन्नाखेड़ा-गौरियाकला मार्ग पर निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के लिए मिट्टी लेने जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। इससे सुशील उछलकर दूर जा गिरा और सिर में चोट आने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों को आते देख चालक डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव बांगरमऊ सीएचसी भेजा।
सुशील खेती कर परिवार पालता था। परिजनों ने बताया कि सुशील कपड़े लेने जा रहा था। पति की मौत से पत्नी सुशीला देवी अन्य परिजन बेहाल हैं। तीन बच्चों में राहुल, सुजीत और बेटी लक्ष्मी हैं। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, डंपर कब्जे में है।
मातम में बदलीं खुशियां
जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, मंगलगीत गाए जा रहे थे, वहां मौत की खबर पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। ढोलक की थाप बंद हो गई और चीख पुकार गूंजने लगा। सुशील के परिजन और कुछ रिश्तेदार शादी छोड़कर स्वास्थ्य केंद्र की ओर भागे। डीजे बंद करा दिया गया। शादी की तैयारियां पूरी होने से परिवार के बुजुर्गों में सादगी पूर्ण तरीके से रस्में पूरी कराने पर सहमति बनी।