दूसरी बाइक सवार दो युवक घायल, नहीं लगाए थे हेलमेट
संवाद न्यूज एजेंसी
औरास। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के सामने बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
औरास के कुशलखेड़ा गांव निवासी विष्णु (23) पुत्र राधेश्याम गांव के दोस्त आलोक (19) पुत्र ओमप्रकाश के साथ बाइक से शाम करीब 7:30 बजे कस्बा औरास के संडीला-चकलवंशी मार्ग पर पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहे थे। इस दौरान संडीला की ओर से आ रहे थानाक्षेत्र के ही रजनाखेड़ा निवासी रिंकू (40) की बाइक से टकरा गए। हादसे में रिंकू की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने घायल विष्णु और आलोक को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने दोनों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया है। रिंकू की पत्नी सरोज ने बताया कि वह चंडीगढ़ में नौकरी करते थे। दिवाली पर घर आए थे। धान की कटाई होनी थी इसलिए रुक गए थे। घटना पत्नी, बेटा सुभाष, बेटी निधि सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।